
कबीरधाम, 26 मार्च 2026।
जिला कबीरधाम में धान खरीदी केंद्र में हुए 70 लाख से अधिक की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी खरीदी प्रभारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कुण्डा क्षेत्र के पेण्ड्रीकला धान खरीदी केंद्र में गबन की शिकायत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव शाखा कुण्डा के प्रबंधक राजेन्द्र कुमार डाहिरे द्वारा दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर गठित जांच दल ने निरीक्षण किया, जिसमें भारी अनियमितता उजागर हुई।
जांच में सामने आया कि केंद्र में कुल 23319.20 क्विंटल धान खरीदी दर्ज थी। इसमें से 3880 क्विंटल का उठाव हो चुका था, जबकि शेष 19439.20 क्विंटल धान उपलब्ध होना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन में मात्र 17167.20 क्विंटल धान ही पाया गया। इस तरह 2272 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी कीमत 70,43,200 रुपये आंकी गई।
जांच रिपोर्ट में धान खरीदी प्रभारी विवेक चंद्राकर को दोषी पाया गया, जिसने तौल पत्रक और रजिस्टर में हेराफेरी कर सरकारी राशि का गबन किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी विमल लावनिया के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




