कबीरधाम। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में 14 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में MedLEaPR (Medical Legal Examination and Postmortem Report) डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा डिजिटल पोस्टमार्टम एवं MLC रिपोर्ट प्रणाली के प्रभावी एवं शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हेतु उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने किया। उन्होंने डिजिटल प्रणाली के तकनीकी महत्व, न्यायिक प्रक्रिया में इसकी उपयोगिता तथा पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। NCRB एवं गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप CCTNS प्लेटफॉर्म के माध्यम से लागू इस एकीकृत सॉफ्टवेयर के सफल संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ऑनलाइन लॉग-इन प्रक्रिया, रिपोर्ट अपलोडिंग, डेटा सुरक्षा, गोपनीयता मानक, त्रुटि निवारण तंत्र तथा समय-सीमा के पालन जैसे तकनीकी बिंदुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सा अधिकारी केशव ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक अंजू कुमारी सहित जिला चिकित्सालय व खंड चिकित्सालय के चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ, विवेचना अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचना अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने थाना क्षेत्रों में डिजिटल प्रणाली का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि अपराध विवेचना में पारदर्शिता, त्वरित कार्यवाही और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के मध्य समन्वय को मजबूत करते हुए डिजिटल नवाचार को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करना और आमजन को त्वरित न्याय दिलाना है।





