
कवर्धा, 13 फरवरी 2026। जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा तथा आगामी होली एवं महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा और पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ग्राम कामठी स्थित कामठी मंदिर में महाशिवरात्रि के दौरान पूर्व में उत्पन्न विवादों की पृष्ठभूमि और संभावित संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक अनुष्ठानों के समय-क्रम एवं व्यवस्थापन संबंधी मुद्दों को देखते हुए विस्तृत सुरक्षा एवं प्रबंधन योजना तैयार की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त, सीसीटीवी एवं आवश्यकता अनुसार ड्रोन निगरानी, बैरिकेडिंग तथा सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए अलग कतार व्यवस्था और महिला व वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अफवाह फैलाने या कानून हाथ में लेने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यातायात प्रबंधन हेतु विशेष डायवर्जन प्लान, पार्किंग स्थल चिन्हांकन और अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। साथ ही, परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे संचालन पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
कलेक्टर और एसपी ने नागरिकों से सहयोग एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि महाशिवरात्रि एवं होली पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही





