
कवर्धा-:
कवर्धा शहर में नशे के बढ़ते नेटवर्क पर कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य बाजार, स्कूल-कॉलेज मार्गों और पान ठेलों पर छापा मारा। इस दौरान गांजा पीने में उपयोग होने वाले गोगो रोलिंग पेपर, चिलम और हुक्का सामग्री की अवैध बिक्री का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, यहां नशे का कारोबार सीधे गांजा बेचने के बजाय उसे पीने की सामग्री के माध्यम से गोपनीय रूप से संचालित किया जा रहा था। युवा वर्ग को नशे की ओर आकर्षित करने के लिए पतले कागज यानी रोलिंग पेपर की बिक्री की जा रही थी।
30 से अधिक दुकानों और पान ठेलों में दबिश
डीएसपी चंद्राकर के नेतृत्व में नवीन बाजार, पुराना बस स्टैंड, सिटी कोतवाली एवं अन्य थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीम ने मेन मार्केट लाइन सहित विभिन्न इलाकों में 30 से अधिक थोक, चिल्हर किराना दुकानों और पान ठेलों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानों से गोगो रोलिंग पेपर, चिलम और हुक्का पाइप बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि यह प्रतिबंधित सामग्री दुकानदारों को बाहरी सप्लायरों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही थी।
युवाओं और स्कूली बच्चों तक पहुंच रहा था नशा
पुलिस के मुताबिक, गोगो या रोलिंग पेपर बेहद पतला कागज होता है, जिसका उपयोग गांजा को जॉइंट बनाने में किया जाता है। इसकी मांग खासतौर पर कॉलेज छात्रों, बेरोजगार युवाओं और स्कूली बच्चों में तेजी से बढ़ी है।
अधिकारियों का कहना है कि नशे की शुरुआत सीधे गांजा से नहीं, बल्कि इसी सामग्री के जरिए कराई जा रही थी।
जानते थे इस्तेमाल, फिर भी बेचते रहे दुकानदार
जांच में यह भी सामने आया कि कई दुकानदार जानते थे कि यह सामग्री नशे के लिए उपयोग होती है, फिर भी मुनाफे के लालच में इसकी बिक्री कर रहे थे। पूछताछ में दुकानदारों ने तर्क दिया कि वे सिर्फ कागज बेच रहे हैं, गांजा नहीं।
कार्रवाई के दौरान कुल 15 डिब्बे गोगो रोलिंग पेपर और अन्य प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।
दोबारा पकड़े जाने पर होगी एफआईआर
फिलहाल पुलिस ने सामग्री जब्त कर दुकानदारों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी दुकान या ठेले पर दोबारा इस तरह की सामग्री बिकती पाई गई, तो सीधे एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी चंद्राकर ने कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा



