
पाण्डातराई। अंचल के प्रसिद्ध धार्मिक, पर्यटन एवं आस्था केंद्र जलेश्वर महादेव घाट डोंगरिया में माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज (1 फरवरी) भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मेला आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार परिसर में पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ मनोरंजन एवं खरीदारी की व्यवस्था की गई है। यह मेला पूरे क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण माना जाता है, जिसमें पाण्डातराई सहित जिले और पड़ोसी जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। श्रद्धालु यहां विराजमान भगवान जलेश्वर महादेव की पूजा कर परिवार के साथ मेले का आनंद लेते हैं।
स्थानीय प्रशासन और समिति की ओर से सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई है। क्षेत्रवासियों को इस आयोजन का महीनों से इंतजार रहता है, और आज का दिन श्रद्धा, उल्लास व मेल-मिलाप का प्रतीक बन जाता है।





