कवर्धा, 05 फरवरी 2026। जिले के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुविधा का लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन एवं एनपीएस ट्रेडर्स योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा द्वारा गठित इस टास्क फोर्स के माध्यम से दोनों योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों को योजनाओं से जोड़ा जा सके।
प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जागरूकता अभियान चलाने तथा लक्ष्य के अनुरूप पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। टास्क फोर्स जिले में योजना के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करेगी, जिससे पात्र लाभार्थियों तक समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ पहुंचाया जा सके।





