बाघामुड़ा में 32.64 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, सांसद संतोष पांडेय ने जनता को किया समर्पित

बाघामुड़ा। क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने पंडरिया विकासखंड के ग्राम बाघामुड़ा में 32 लाख 64 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें आम जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी भवन, चेकडेम एवं मुक्तिधाम निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि नवीन आंगनबाड़ी भवन गांव के बच्चों के बेहतर पोषण, शिक्षा और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं चेकडेम निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। मुक्तिधाम निर्माण से ग्रामीणों को आवश्यक मूलभूत सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेश और देश में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
सांसद पांडेय ने कहा कि देश में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रभारी कल्याण सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष फलित साहू, पंडरिया मंडल अध्यक्ष रवीश ठाकुर, नवलकिशोर पांडेय, तिवारी साहू, विशाल शर्मा, रमेश साहू, राजकुमार यादव, सरपंच दूज बाई चंद्राकर, पूरन राजपूत, अमन पाठक, स्वारथ साहू, रूपेश तिवारी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





