
कबीरधाम, 28 मार्च 2026।
नाबालिगों की सुरक्षा और महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को 1 मार्च 2026 को एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस मामले में चौकी रणबीरपुर, थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल एवं एसडीओपी लोहारा कृष्ण कुमार चन्द्रकार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दुर्गेश खूंटे उर्फ बल्ला, निवासी महाराजपुर थाना कवर्धा, नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जहां उसने अवैध रूप से विवाह कर शारीरिक शोषण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में धारा 87, 64(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में चौकी रणबीरपुर (थाना लोहारा) की टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे, प्रधान आरक्षक इन्द्र कुमार साहू, हुलार साहू, आरक्षक विनोद मरकाम, शंकर निषाद, जितेंद्र सिंह, रवि आदिले तथा महिला आरक्षक काजल देशलहरे की सराहनीय भूमिका रही।




