24 घंटे में नाबालिक गुमशुदगी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार – कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कवर्धा, 28 मार्च 2026।
कबीरधाम पुलिस ने उत्कृष्ट पुलिसिंग का परिचय देते हुए नाबालिक बालिका की गुमशुदगी के मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी भूपेन्द्र कुमार मण्डावी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा एसडीओपी लोहारा कृष्ण कुमार चन्द्राकर के मार्गदर्शन में थाना लोहारा पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना लोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी नाबालिक पुत्री घर से बिना बताए चली गई है और वापस नहीं लौटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 137(2) बीएनएस एवं गुम इंसान क्रमांक 21/2026 दर्ज कर विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं संभावित स्थानों पर सतत खोजबीन करते हुए बालिका को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया।
उक्त तथ्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 87, 65(1), 64(2)(M), 332(बी) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्रकरण में वृद्धि की गई। आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, उप निरीक्षक संदीप चौबे, आरक्षक राजू सोनवानी एवं चरण पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम में दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




