
बोड़ला। रानी दुर्गावती जनकल्याण परिषद द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। परिषद द्वारा 25 मार्च को हिन्दू संगम बोड़ला में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के साथ ही क्षेत्र में ‘साप्ताहिक मातृशक्ति चिकित्सा सेवा केंद्र’ की शुरुआत की जाएगी, जिससे महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
परिषद के अनुसार, प्रत्येक बुधवार को यह सेवा केंद्र संचालित होगा, जहां महिलाओं को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श एवं उपचार दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र की माताओं और बहनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम नि:शुल्क जांच एवं परामर्श प्रदान करेगी। शिविर में स्त्री रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, कैंसर जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही सोनोग्राफी एवं रक्त जांच की सुविधा भी निःशुल्क दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रानी दुर्गावती जनकल्याण परिषद द्वारा पूर्व में आयोजित हिन्दू संगम एवं होली मिलन समारोह ने सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत किया है। अब परिषद ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
क्षेत्रवासियों ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय प्रयास बताया है। आयोजकों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुंचकर लाभ लें और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।




