
दामापुर न्यूज़। जगन्नाथ पब्लिक स्कूल रापा पेन्डीकला में वार्षिक उत्सव 2026 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि अर्जुन तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि नंदलाल चंद्राकर, मनोहर चंद्राकर एवं चन्द्रभान गायकवाड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या मनमीत कौर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना की। साथ ही शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अर्जुन तिवारी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने और जीवन में ऊँचे लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष राजेश चंद्राकर ने विद्यालय की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्या मनमीत कौर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने विद्यालय परिवार के इस सफल आयोजन की सराहना की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




