
कवर्धा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में आज फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी से सौजन्य मुलाकात कर सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर पदोन्नति के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
फेडरेशन प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष महोदय के समक्ष शिक्षकों की लंबित पदोन्नति की समस्या को प्रमुखता से रखते हुए बताया कि कई शिक्षक साथी पिछले 18 से 20 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं। उन्हें अब तक पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं सेवा संबंधी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अध्यक्ष ने आग्रह किया कि इस गंभीर विषय को शिक्षा मंत्री एवं संयुक्त संचालक, दुर्ग के समक्ष रखा जाए, ताकि वरिष्ठता सूची के आधार पर पात्र शिक्षकों को शीघ्र पदोन्नति का लाभ मिल सके।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे संबंधित अधिकारियों एवं मंत्री जी से चर्चा कर इस विषय के शीघ्र समाधान के लिए पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुरूप वरिष्ठता सूची में आने वाले शिक्षकों को जल्द से जल्द पदोन्नति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा, पूर्व जिला सचिव राजू श्रीवास्तव, पूर्व प्राचार्य सुरेश श्रीवास्तव, कार्यकारी जिला अध्यक्ष केशलाल साहू, राकेश खरे, शैलेंद्र सिंह राजपूत, हृदय राम टंडन, सरजू राम मरकाम, प्रदीप मांडवी, उमेश ठाकुर, डुमन पटेल, हीरालाल साहू सहित बड़ी संख्या में सहायक शिक्षक उपस्थित रहे।



