
चिल्फ़ी घाटी। रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार को महज तीन घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। पहले हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में ट्रक की टक्कर से डीजल टैंक फटने के कारण सड़क पर डीजल फैल गया, जिससे लंबा जाम लग गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, दो की मौत
पहला हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे चिल्फी से लगभग एक किलोमीटर दूर कोयला भट्ठा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
ऑटो चालक गौथर सिंह (32), निवासी ग्राम धनिया झोर, जिला मंडला (मप्र), की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव स्टेयरिंग में फंसा रह गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
ऑटो में सवार भागचंद (40), निवासी ग्राम मनोरी (मप्र), टक्कर के बाद सड़क किनारे जा गिरे। उनके एक पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।





