कवर्धा, 11 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पूर्व एकमुश्त प्रदान की जाएगी।
इस निर्णय के तहत लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और उनके सम्मान की रक्षा को अपना दायित्व मानती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और त्योहार का उत्साह बढ़ेगा।
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत बीते दो वर्षों में धान मूल्य अंतर की राशि के रूप में ₹25,000 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। होली से पूर्व प्रस्तावित ₹10,000 करोड़ के भुगतान के बाद यह कुल राशि ₹35,000 करोड़ से अधिक हो जाएगी।
राज्य सरकार ने किसानों की खुशहाली, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई





