कवर्धा। रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम, तेज हॉर्न और भारी वाहनों की भीड़ से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। चंद्रायन हॉस्पिटल से लेकर ग्राम सिंघनपुरी स्थित ढाबा तक करीब 7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनने जा रही है। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर 54 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। चूंकि नेशनल हाईवे केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए भारत सरकार से भी आवश्यक अनुमति मिल गई है। अब केवल टेंडर प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। टेंडर जारी होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
इस फोरलेन प्रोजेक्ट के पूरा होने से कवर्धा शहर के भीतर यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने-जाने वाले लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार फोरलेन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया की तैयारी अंतिम चरण में है।
चार लेन में बंटेगा ट्रैफिक, हर लेन 7.50 मीटर चौड़ी
नई फोरलेन सड़क के बीच में मजबूत डिवाइडर बनाया जाएगा। दोनों ओर दो-दो लेन होंगी। हर लेन की चौड़ाई 7.50 मीटर रखी जाएगी। इससे आमने-सामने से भिड़ने वाले वाहनों, अचानक कट मारने और खतरनाक ओवरटेकिंग जैसी समस्याओं पर लगाम लगेगी। ट्रैफिक का दबाव चार लेन में बंटने से नेशनल हाईवे पर सफर पहले से ज्यादा तेज और सुरक्षित हो जाएगा।
मंडी से संकरी नदी पुल तक बढ़ेगी सड़क की चौड़ाई
फिलहाल मंडी से संकरी नदी पुल तक सड़क की चौड़ाई मात्र 7 मीटर है, जो हाईवे का सबसे ज्यादा दबाव वाला हिस्सा माना जाता है। इसी कारण शाम के समय यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। फोरलेन परियोजना के तहत इस हिस्से को 10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। यहां डिवाइडर नहीं होगा, लेकिन संकरी सड़क की समस्या खत्म हो जाएगी।
पूरा रोड मैप ऐसे बदलेगा
परियोजना के तहत सिंघनपुरी ढाबा से नवीन कृषि उपज मंडी तक डिवाइडर के साथ फोरलेन सड़क बनेगी। इसके बाद मंडी से संकरी नदी पुल तक चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। आगे मिनीमाता चौक, ऋषभदेव चौक, वीर स्तंभ चौक और गुरु गोविंद सिंह चौक से होते हुए रॉयल सेलिब्रेशन होटल तक सड़क का नवीनीकरण होगा। वहां से चंद्रायन हॉस्पिटल तक दोबारा डिवाइडर के साथ फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
हादसों पर लगेगा ब्रेक
संकरी सड़क और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण मिनीमाता चौक से ट्रांसपोर्ट नगर (भोरमदेव तिराहा) होते हुए मंडी तक करीब 1 किलोमीटर का हिस्सा ब्लैक स्पॉट की श्रेणी में आता है। फोरलेन सड़क, बेहतर चौड़ाई और डिवाइडर बनने के बाद दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। इससे सफर न सिर्फ आसान होगा, बल्कि ज्यादा सुरक्षित भी बनेगा।

Brajesh Gupta

By Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com