भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का 01 जनवरी को होगा भूमिपूजन, नए साल पर कबीरधाम को बड़ी सौगात
कवर्धा, 26 दिसंबर 2025।
नए साल के पहले दिन कबीरधाम जिले को भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर के रूप में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 01 जनवरी 2026 को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से विकसित होने जा रहे इस कॉरिडोर का निर्माण स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत किया जाएगा। यह परियोजना बाबा भोरमदेव मंदिर से मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा एवं सरोदा जलाशय तक विस्तारित होगी। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले इस क्षेत्र के विकास पर लगभग 146 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, पंडाल निर्माण, बैरिकेटिंग और यातायात प्रबंधन सहित सभी कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बड़ी संख्या में आमजनों की उपस्थिति को देखते हुए सभी सुविधाएँ सुव्यवस्थित और सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतत मॉनिटरिंग कर तैयारियों को अंतिम रूप देने निर्देशित किया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर आर. बी. देवांगन, एसडीएम बोड़ला सागर सिंह राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





