कबीरधामकवर्धा

का असर: डामर महंगा, गिट्टी बिछाकर अधूरी छोड़ दी सड़क

बृजेश गुप्ता | कवर्धा
अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब कबीरधाम जिले के ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया है। ग्राम माकरी से पटुवा तक बनने वाली 9.70 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इस सड़क पर करीब 5.43 करोड़ रुपए खर्च होने हैं, लेकिन पिछले एक महीने से काम ठप है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 16 जनवरी 2026 को शुरू हुआ यह निर्माण कार्य 6 महीने में पूरा होना था, लेकिन आधे रास्ते में ही रुक गया। पटुवा से दामापुर के बीच करीब 4 किमी हिस्से में गिट्टी बिछाकर काम छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क की स्थिति पहले से और खराब हो गई है।
सड़क बनी खतरे का कारण
गिट्टी बिछने के बाद से सड़क पर धूल के गुबार, बिखरे पत्थर और ऊबड़-खाबड़ सतह ने सफर को जोखिम भरा बना दिया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक साबित हो रहा है। कई जगह वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं चारपहिया वाहन भी संतुलन खो रहे हैं।
आने वाले बारिश के मौसम में स्थिति और बिगड़ने की आशंका है, जिससे यह मार्ग पूरी तरह बाधित हो सकता है।
दो जिलों को जोड़ने वाली लाइफलाइन
यह सड़क सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की महत्वपूर्ण कड़ी है। ग्राम पटुवा से महली तक का मार्ग दो जिलों को जोड़ता है। इसी रास्ते से पंडरिया, नवागढ़ होते हुए भाटापारा और आगे रायपुर तक आवागमन होता है। हजारों ग्रामीण, किसान और व्यापारी रोजाना इस सड़क का उपयोग करते हैं।
डामर की कीमत दोगुनी, काम ठप
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए लगभग 300 टन डामर की आवश्यकता है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते क्रूड ऑयल की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे डामर (बिटुमेन) की कीमत 45 हजार रुपए प्रति टन से बढ़कर 90 हजार रुपए प्रति टन हो गई है।
इसी तरह इमल्शन (जला ऑयल) 60 हजार से बढ़कर 1.20 लाख रुपए प्रति ड्रम और एलईओ (पेट्रोल जैसा द्रव्य) 45 रुपए से बढ़कर 90 रुपए प्रति लीटर हो गया है। बढ़ती लागत और सामग्री की कमी के कारण ठेकेदार ने काम रोक दिया है।
जिम्मेदारों के बयान
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के ईई एस.के. ठाकुर ने बताया कि डामर की उपलब्धता कम है और कीमतें दोगुनी हो गई हैं, जिससे काम प्रभावित हुआ है।
वहीं ठेकेदार राजेश अग्रवाल का कहना है कि क्रूड ऑयल की सप्लाई बाधित होने के कारण डामर, इमल्शन और अन्य सामग्री महंगी व दुर्लभ हो गई है, इसलिए फिलहाल निर्माण कार्य रोकना पड़ा है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button