चक्रवात का असर: 28-29 अक्टूबर को प्रदेशभर में बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी
कलेक्टर ने दिए सतर्कता बरतने और राहत-बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा। चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित बारिश को देखते हुए कबीरधाम जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने को कहा है।
प्रशासन ने निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ, होमगार्ड और अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। वहीं, जलाशयों एवं बांधों के जलस्तर की नियमित निगरानी कर जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सतर्क करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, पंचायत, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।



