विविध

2नवंबर को पीजी कॉलेज मैदान में मनेगा राज्योत्सव, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

यातायात, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथि सत्कार समेत विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार दायित्व तय

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले में राज्योत्सव-2026 का आयोजन 2 नवंबर को किया जाएगा। कवर्धा के आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) मैदान में आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जिला पंचायत सीईओ बनाए गए नोडल अधिकारी
जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, कवर्धा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री चेतन साहू को मेला स्थल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों के मार्गदर्शन में संबंधित विभाग आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।
सुरक्षा और यातायात पर रहेगा विशेष ध्यान
राज्योत्सव के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम को सौंपी गई है। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर कलेक्टर श्री रामप्रसाद अचला एवं कवर्धा के नायब तहसीलदार श्री विकास जैन को दायित्व दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और प्रवेश व्यवस्था सहित आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
मंच से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था, सजावट, प्रवेश द्वार और विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अग्निशमन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, अतिथि आवास एवं सत्कार, स्वल्पाहार और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए गठित समिति
राज्योत्सव में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए समिति गठित की गई है। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए मंच संचालन, आमंत्रण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र तैयार करने, फ्लेक्स, स्मृति चिह्न, पुष्प एवं मालाओं की व्यवस्था तथा आमंत्रण पत्र वितरण की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया समन्वय की व्यवस्था भी की जाएगी।
समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करें। प्रशासन का उद्देश्य राज्योत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button