जनमन आवास के नाम पर 9 बैगा हितग्राहियों से 5.09 लाख लेने का आरोप, दो ठेकेदारों पर FIR
डेढ़ साल बाद भी नहीं बने मकान, हितग्राहियों की शिकायत पर चिल्फी और तरेगांव जंगल थाने में दर्ज हुए मामले

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार आर्थिक सहायता दे रही है। लेकिन कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से राशि लेने और मकान नहीं बनाने के आरोप सामने आए हैं। मामले में नौ हितग्राहियों से कुल 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत पर दो ठेकेदारों के विरुद्ध अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज की गई है।
मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि गरीबों के हक की राशि में गड़बड़ी और आवास निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से 3.20 लाख लेने का आरोप
बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों ने ठेकेदार कुमार मेरावी पर आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, देवसिंह, मंधोर बाई और पुसीया बाई से 60-60 हजार रुपये, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपये तथा ननकी बाई से 60 हजार रुपये लिए गए। हितग्राहियों का आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष बीतने के बाद भी उनके मकानों का निर्माण नहीं कराया गया और न ही राशि वापस की गई।
लिखित शिकायत के आधार पर 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
आमानारा में चार हितग्राही भी शिकायत लेकर पहुंचे
इसी तरह ग्राम पंचायत आमानारा में चार बैगा हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है। इस मामले में ठेकेदार तुमेश गोड़ के विरुद्ध 13 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल में एफआईआर दर्ज की गई।
शिकायत के अनुसार, बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपये, सुकोर बाई से 60 हजार रुपये, सोनिया बाई से 45 हजार रुपये और रनो बाई से 20 हजार रुपये लिए गए। इस मामले में भी आवास निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है।
गरीबों के आवास की राशि में गड़बड़ी पर कार्रवाई के निर्देश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना संचालित की जा रही है। ऐसे में हितग्राहियों को बहला-फुसलाकर उनकी राशि लेने या निर्माण कार्य में अनियमितता करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
चार किस्तों में मिलती है 2 लाख रुपये की सहायता
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति के पात्र बैगा परिवारों को पक्का आवास बनाने के लिए चार किस्तों में कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। जिला पंचायत कबीरधाम ने भी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।



