मिडिल स्कूल भेदली में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन
छात्राओं ने कबाड़ से जुगाड़ कर तैयार की आकर्षक राखियां

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भेदली में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न घरेलू एवं अनुपयोगी सामग्रियों का रचनात्मक उपयोग कर आकर्षक राखियां तैयार कीं।
संस्था के प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में कौशल आधारित एवं गतिविधि आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कौशल को बढ़ावा देने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई।
छात्राओं ने ‘कबाड़ से जुगाड़’ की अवधारणा के तहत विभिन्न सामग्रियों से सुंदर और आकर्षक डिजाइन की राखियां बनाईं। प्रतियोगिता के बाद छात्राओं ने अपनी बनाई राखियां शाला में अध्ययनरत विद्यार्थियों की कलाइयों पर पूरे पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ बांधीं और उनका मुंह मीठा कराया।
प्रतियोगिता में कु. गगन ने प्रथम, कु. लक्ष्मी ने द्वितीय तथा कु. निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्राओं को श्री केशलाल साहू, खंड स्रोत समन्वयक, कवर्धा के हाथों पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर संस्था के प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे, रेखुराम भट्ट, श्रीमती वर्षा मानिकपुरी, दशरथ निर्मलकर एवं कर्नल तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।





