कबीरधाम पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिले तीन बच्चे, चेहरों पर लौटी मुस्कान
कलेक्टर कॉलोनी में मिली बच्ची और सरोधा डेम में बिछड़े दो बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा

सीजीएन न्यूज़ | कबीरधाम
अपनों से बिछड़ने की चिंता और परिजनों से मिलते ही चेहरे पर लौटती खुशी—कबीरधाम पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता ने तीन बच्चों को सकुशल उनके परिवारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। 30 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मिले तीन बच्चों की पुलिस टीमों ने तत्काल पतासाजी कर उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की।
कलेक्टर कॉलोनी में अकेली मिली बच्ची
कलेक्टर कॉलोनी स्थित प्रतीक्षालय में एक बच्ची के अकेले मिलने की सूचना पार्षद दुर्गेश अवस्थी ने सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी सिटी कोतवाली लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची की मां का पता लगाया। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
सरोधा डेम में बिछड़े दो बच्चों को भी मिलाया परिवार से
इसी तरह सरोधा डेम में भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़े 8 वर्षीय पोषण निषाद और 9 वर्षीय वासु निषाद को पेट्रोलिंग टीम ने सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद पुलिस ने बच्चों के परिजनों की तलाश शुरू की।
सउनि राजकुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर दोनों बच्चों के परिजनों का पता लगाया और उन्हें सकुशल उनके परिवार को सौंप दिया।
बच्चों के परिजनों से मिलते ही उनके चेहरों पर खुशी की मुस्कान लौट आई। परिजनों ने कबीरधाम पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।





