बुजुर्ग महिलाओं को अकेला देख गले पर झपट्टा, 5 वारदातों से मचा था आतंक; कबीरधाम पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोचा
बुजुर्ग महिलाओं को अकेला देख गले पर झपट्टा, 5 वारदातों से मचा था आतंक; कबीरधाम पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोचा

सी जी ऐन न्यूज़ | कवर्धा
कबीरधाम जिले में पिछले दो महीनों से बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटकर फरार होने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई झपटमारी की 5 वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले रेकी करते थे, फिर बाइक से मुंह ढंककर गांव पहुंचते और अकेली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से जेवर झपटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 144/2026 और 215/2026, थाना पांडातराई में 74/2026 तथा चौकी पौड़ी में अपराध क्रमांक 178/2025 और 97/2026 दर्ज थे। इन मामलों में धारा 304 एवं 3(5) बीएनएस के तहत जांच चल रही थी।
पहले रेकी, फिर बाइक से पहुंचकर झपटते थे जेवर
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य वारदात से पहले इलाके की निगरानी करते थे। अकेली बुजुर्ग महिला दिखाई देने पर उसे टारगेट किया जाता था। आरोपी बाइक से मुंह ढंककर पहुंचते और मौका मिलते ही महिला के गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटकर फरार हो जाते थे। वारदात के बाद आरोपी चोरी के जेवर अपने साथियों के माध्यम से खपाते थे।
तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की जांच के आधार पर नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी को पकड़ा गया। पूछताछ में इनसे मिले सुराग के आधार पर चोरी के जेवर खपाने वाले बबला डहरिया, खेलन डहरिया और नितिश बंशे को भी गिरफ्तार किया गया।
तीन बाइक समेत 3.41 लाख का माल जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 3 मोटरसाइकिल, करीब 6 ग्राम सोना और 1 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 41 हजार रुपए बताई गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
नैनदास बंजारे पिता चतुर दास बंजारे, उम्र 23 वर्ष
मनोज जांगड़े पिता मकसूदन जांगड़े, उम्र 22 वर्ष
राधेलाल चतुर्वेदी पिता सुंदर चतुर्वेदी, उम्र 23 वर्ष
बबला डहरिया पिता ओमप्रकाश डहरिया, उम्र 28 वर्ष
खेलन डहरिया पिता धनौवा डहरिया, उम्र 25 वर्ष
नितिश बंशे पिता राजकुमार बंशे, उम्र 25 वर्ष
सभी आरोपी बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोड़ला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
साइबर तकनीक से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला एवं एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में साइबर थाना और पिपरिया पुलिस ने कार्रवाई की।
कार्रवाई में साइबर सेल के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना पिपरिया प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी, थाना पांडातराई के निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, चौकी पौड़ी प्रभारी लक्ष्मी नारायण साव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर लगातार झपटमारी कर रहे गिरोह का नेटवर्क टूट गया है। पांच अलग-अलग मामलों के खुलासे के बाद अब पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।




