विविध

सेवानिवृत्त शिक्षक नंदकिशोर बेलचंदन व एएनएम कमला चंद्राकर का भव्य सम्मान, नीट क्वालिफाई छात्रा मीनाक्षी साहू भी हुई सम्मानित

डौंडीलोहारा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झिटिया में शुक्रवार को सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक चंद्ररेखा कौमार्य, उच्च वर्ग शिक्षक नंदकिशोर बेलचंदन एवं ग्रामीण बहुद्देशीय स्वास्थ्य महिला कार्यकर्ता (एएनएम) कमला चंद्राकर का ग्रामीणों ने परंपरागत तरीके से बाजे-गाजे के साथ ग्राम भ्रमण कर सम्मान किया। इस दौरान नीट परीक्षा में 528 अंक प्राप्त करने वाली छात्रा मीनाक्षी साहू का भी स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक आदर्श शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीणों की मांग पर शाला परिसर में अहाता निर्माण तथा श्मशान घाट में शेड निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मंजूलता यादव ने की, जबकि जनपद पंचायत डौंडीलोहारा की अध्यक्ष कांति सोनबरसा विशिष्ट अतिथि रहीं। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विद्यालय परिसर में झंडा चबूतरा निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने तथा खेल मैदान के समतलीकरण की घोषणा की।
संस्था के प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे ने बताया कि ग्राम झिटिया में शासकीय सेवकों को सम्मानपूर्वक विदाई देने की वर्षों पुरानी परंपरा है। इसी परंपरा के तहत ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ ग्राम भ्रमण कराया तथा विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं सम्मान किया। विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि चंद्ररेखा कौमार्य ने अपने 39 वर्ष के सेवाकाल में 2 वर्ष 7 माह तक झिटिया मिडिल स्कूल में सेवाएं दीं। वहीं नंदकिशोर बेलचंदन ने 25 वर्षों तक विद्यालय में शिक्षण कार्य किया और एएनएम कमला चंद्राकर ने 36 वर्षों तक गांव में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
समारोह में सरपंच पुनीतराम राणा, पूर्व सरपंच नरेंद्र वर्मा, उपसरपंच भागवत नायक, ग्राम प्रमुख, जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह ग्राम पंचायत, ग्राम समिति एवं शाला प्रबंधन समिति के सहयोग से संपन्न हुआ।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button