
पंडरिया।
पंडरिया विधानसभा के किसानों को सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से 13 करोड़ 78 लाख 74 हजार रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों का परिणाम बताते हुए क्षेत्रवासियों ने इसे किसान हित में एक बड़ी उपलब्धि माना।
ग्राम छीरपानी में आयोजित कार्यक्रम में भावना बोहरा ने कृषि, सिंचाई एवं जल संरक्षण से संबंधित परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इनमें 5 करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपये की लागत से महीडबरा जलाशय शीर्ष कार्य, नहर कार्यों का जीर्णोद्धार, दो नग वी.आर.बी. निर्माण और मुख्य नहर की सी.सी. लाइनिंग शामिल है। इसके साथ ही 4 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये की लागत से आगर नदी पर एनीकट निर्माण तथा 3 करोड़ 67 लाख 54 हजार रुपये की लागत से ग्राम अमनिया के कन्हैया नाले में एनीकट कम काजवे और उद्वहन सिंचाई योजना का निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
भावना बोहरा ने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों के भविष्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार हैं। इनके पूरा होने पर क्षेत्र में जल संचय क्षमता कई गुना बढ़ेगी, भू-जल स्तर सुधरेगा और किसानों को वर्षभर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। एनीकटों के निर्माण से बरसाती जल संरक्षित होगा, जिससे गर्मियों में भी पानी की समस्या कम होगी।
उन्होंने बताया कि उद्वहन सिंचाई योजना से ऊँचाई वाले क्षेत्रों के खेतों तक भी पानी पहुँच सकेगा। मुख्य नहर की सी.सी. लाइनिंग से पानी की बर्बादी रुकेगी और रबी-खरीफ दोनों सीजन में फसल की उत्पादकता बढ़ेगी। इससे किसान धान, गेहूँ, दलहन-तिलहन के साथ-साथ सब्जियों और अन्य व्यावसायिक फसलों की खेती बड़े स्तर पर कर सकेंगे।
भावना बोहरा ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि और ग्रामीण विकास को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कार्य कर रही है। इससे पहले भी बकेला के पास हाफ नदी व्यपवर्तन योजना, फिडर एवं रमतला जलाशय, क्रांति और देवसरा जलाशय की नहरों के रिमॉडलिंग तथा सुतियापाट जलाशय मध्यम सिंचाई परियोजना सहित लगभग 121 करोड़ रुपये की योजनाएँ क्षेत्र में आकार ले रही हैं, जिनसे कृषि और ग्रामीण रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में तेजी से पूर्ण हो रहे सड़क, नाली, पुल-पुलिया, प्रकाश व्यवस्था और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों से क्षेत्र नई पहचान बना रहा है। किसानों की बहुप्रतीक्षित सिंचाई परियोजनाओं का शुभारंभ क्षेत्र में कृषि सशक्तिकरण, उत्पादन वृद्धि और सर्वांगीण विकास को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।





