विविध

ग्राम पंचायत कोठार में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, उपसरपंच और पंचों ने खोला मोर्चा

कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायत कोठार में पंचायत कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उपसरपंच एवं पंचों ने सरपंच और सरपंच पति पर फर्जी प्रस्ताव तैयार कर लाखों रुपए के आहरण, बिना कोटेशन राशि ट्रांसफर करने तथा पंचायत कार्यवाही में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि कई विकास कार्य बिना विधिवत प्रस्ताव और पंचों की सहमति के कराए गए। आरोप है कि मूलभूत मद से साफ-सफाई और चौक-चौराहों पर लाइट लगाने के नाम पर लाखों रुपए निकाले गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य दिखाई नहीं देता। गांव के कई हिस्सों में अब भी अंधेरा पसरा हुआ है, जबकि साफ-सफाई की स्थिति भी बदहाल बनी हुई है।
उपसरपंच और पंचों ने बोर खनन कार्य में भी भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं और कई कार्यों का रिकॉर्ड गायब बताया जा रहा है। साथ ही पंचायत संचालन में लगातार सरपंच पति के हस्तक्षेप और दबंगई से निर्णय लेने की बात भी कही गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि निर्माण और विकास कार्य लगभग ठप पड़े हैं। कई शासकीय भूमि पर प्रस्तावित कार्य लंबे समय से अधूरे हैं या शुरू ही नहीं हो पाए हैं। विकास कार्यों में देरी और अनियमितताओं को लेकर गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है।
उपसरपंच एवं पंचों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button