कबीरधामकवर्धा

लोक पर्व हरेली के अवसर पर जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का हुआ शुभारंभ

केबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने ग्राम खंडसरा के गौठान में जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत की

छत्तीसगढ़ी संस्कृति का लोक पर्व हरेली के अवसर पर जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ बोड़ला विकासखंड के ग्राम खंडसरा के गौठान से हुआ। प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत की। गौठान पहुंचने पर मंत्री अकबर का स्व सहायता समूह की महिलाओं ने स्वागत किया। मंत्री अकबर ने हरेली पर्व पर गौठान में कृषि यंत्रों एवं गेड़ी का पूजा अर्चना कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी इसके बाद उन्होंने गौमाता को आटे से बने लोंदी भी खिलाया। मंत्री अकबर ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना, राजकीय गीत अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार……. के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री अकबर ने रस्साकसी महिला-पुरुष और गेड़ी दौड़ में प्रथम आने वाले विजेताओं और छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्टॉल लगाने वाले स्व सहायता समूह की महिलओं को 25-25 हजार रूपए देने की घोषणा की। इस दौरान कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक  अभिषेक पल्लव, वनमण्डलाधिकारी चूड़ामणि सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जनप्रतिनिधि सहित ग्रामवासी और युवा उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री अकबर ने कहा कि प्रदेश सहित कबीरधाम जिले में सोमवार को हरेली तिहार पूरे उल्लास और परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति पहचान और परंपरा को आगे बढ़ाने छत्तीसगढ़ ओलंपिक की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहली तिहार हरेली है। छत्तीसगढ़ की तीज-त्यौहारो, संस्कृति एवं परंपरा को जीवंत बनाये रखने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अवकाश घोषित किया है। हरेली तिहार के दिन कृषि यंत्रों की पूजा करते है। साथ ही उन मवेशियों का भी पूजा करते है, जो कृषि कार्य में मदद करते है। मंत्री अकबर ने राज्य सरकार द्वारा आम जनता के हित में किए गए वादों को पूरा करने तथा जनहित के कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने किसानों का कर्ज माफी, धान खरीदी, बिजली बिल में छूट, राशन कार्ड, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी किसान भूमिहीन कृषि न्याय योजना सहित राज्य सरकार के महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बारे में बताया।
मंत्री अकबर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को पुर्नजीवित करने का कार्य किया है। छत्तीसगढी ओलंपिक का आज शुभारंभ किया गया है। इस खेल में 40 से अधिक आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकते है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरूष्कार भी रखा गया है। जिले के विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल को खेल से बहुत लगाव है। इसके लिए खेल प्राधिकरण का भी गठन किया है। वे स्वयं इसके अध्यक्ष है और सभी मंत्री मंडल इसके सदस्य है। उन्होंने छत्तीसगढी ओलंपिक में विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभाकामनाएं दी। इस असवर पर जनपद उपाध्यक्ष सनत जायसवाल, पीतांबर वर्मा, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवाराम साहू, जनपद सदस्य सूरज वर्मा, हीरा कोसले, आनंद चंद्रवंशी, राधे जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेलों से नयी पीढ़ी को अवगत कराने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का शुभारम्भ सरकार द्वारा की गई। छत्तीसगढ़ में दूसरी बार हो रही पारम्परिक खेलों और खेल-कूद प्रतियोगिता का ज़िले में जबरदस्त उत्साह है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी को प्रोत्साहित करने तथा ऐसे पारंपरिक खेलों से जुड़े स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करते हुए उनके प्रतिभा से निखारने व उन्हें गांव से लेकर राज्य स्तर तक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ीया ओलंपिक की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि यह खेल पारंपरिक होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति में हरेली तिहार का बड़ा महत्व है। इस दिन किसान कृषि यंत्रों, औजारों का पूजा करते है।

मंत्री अकबर ने समूह के स्टॉल में छत्तीसगढ़ी व्यजन का लिया स्वाद

कैबिनेट मंत्री अकबर ने समारोह स्थल पर कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, पशुपालन विभाग द्वारा लगाएं गए स्टॉलो का अवलोकन किया। उन्होंने महिला स्वसहायता समूह के स्टॉल में छत्तीसगढ़ी व्यजन का स्वाद भी लिया। मंत्री अकबर ने छत्तीसगढ़ की परंपरागत खेल आयोजनों में शामिल होकर रस्सा खींच और गेड़ी दौड़ खेल का भी आनंद लिया। अकबर ने कृषि विभाग के तहत 15 हितग्राहियों को बीज मिनी कीट का वितरण किया।

कैबिनेट मंत्री अकबर ने कृषि औजारों की पूजा-अर्चना

प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने हरेली त्यौहार के पर्व पर ग्राम खंडसरा के गौठान में कृषि यंत्रों की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गौमाता को आटे से बने लोंदी भी खिलाया। कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव, वनमण्डलाधिकारी चूड़ामणि सिंह, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों ने भी पूजा अर्चना की।

पौधे रोपण के साथ पौधे का संरक्षण भी जरूरी-मंत्री अकबर

हरेली पर्व पर कैबिनेट मंत्री अकबर सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गौठान में पौध रोपण भी किया। मंत्री अकबर ने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए हमे अधिक से अधिक पौधे का रोपण करना चाहिए। पेड़ से हमे शुद्ध ऑक्सीजन मिलता है इसके साथ ही वातावरण संतुलित होता है। पेड़ वर्षा को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, इसका संरक्षण भी जरूरी है। हमें जिम्मेदारियों के साथ इसका संरक्षण करना चाहिए। सभी ने गौठान में पीपल, आम, कटहल, डूमर, जामुन और कदम के पौधे लगाएं।

दो श्रेणियों में 16 प्रकार के खेलों को किया गया है शामिल

छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल प्रतियोगिता दलीय एवं एकल दो श्रेणी में आयोजित होगी। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद एवं कुश्ती शामिल हैं।

राजीव युवा मितान क्लब से शुरू हुई प्रतियोगिता

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर प्रतियोगिता 17 जुलाई से 22 जुलाई तक नॉकआउट पद्धति से चलेगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। इसका आयोजन 26 जुलाई से 31 जुलाई तक होगा। विकासखंड एवं नगरीय क्लस्टर स्तर पर आयोजन 7 अगस्त से 21 अगस्त तक होगा। जिला स्तर पर आयोजन 25 अगस्त से 04 सितंबर तक होगा। संभाग स्तर पर आयोजन 10 सितंबर से 20 सितंबर तक होगा और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिसका की आयोजन 25 सितंबर से 27 सितंबर तक होगा।

प्रत्येक आयु वर्ग के प्रतिभागी ले सकेंगे हिस्सा

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा वर्ग 18-40 वर्ष आयु सीमा तक और तीसरा वर्ग में 40 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।

विजेता प्रतिभागियों को दिया जाएगा पुरस्कार

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर पर विजेता प्रतिभागियों से लेकर राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागियों को प्रभाणपत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर प्रथम आने वाल विजेता खिलाड़ियों को 1000 रूपए, द्वितीय स्थान आने पर 750 रूपए एवं तीसरा स्थान आने पर 500 रूपए की पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह जिला स्तर पर प्रथम आने वाल विजेता प्रतिभागियों को 2000 रूपए की राशि, द्वितीय आने पर 1500 रूपए और तीसरे स्थान आने पर 1000 रूपए की राशि सहित प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। संभाग स्तर पर विजेता प्रतियोगियों को प्रथम आने पर 3000 रूपए, द्वितीय आने पर 2500 रूपए एवं तीसरे स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को 2000 रूपए एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। राज्य स्तर पर ओलंपिक के अंतिम आयोजन में प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को 5000 रूपए, द्वितीय आने पर 4500 रूपए एवं तीसरे स्थान आने वाले खिलाड़ियों को 4000 रूपए की राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button