दुर्ग-भिलाईछत्तीसगढ़

BJP ने कभी नहीं कहा कि वो शराबबंदी करेगी

सांसद विजय बघेल बोले-कांग्रेस के DNA में धोखा देना, इस सरकार के खिलाफ आंदोलन का रिकॉर्ड

भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को देखते हुए दुर्ग सांसद विजय बघेल को घोषणा पत्र समिति का संयोजक बनाया है। पद मिलने के बाद सांसद बघेल ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में कहा कि ये उनके लिए सौभाग्य की बात है। चुनावी घोषणा पत्र हर पार्टी का आईना होता है। उस आईने को कैसे साफ रखें, उसमे किसी तरह का कोई दाग न लगने पाए, यह संयोजक की जिम्मेदारी होती है। ये जिम्मेदारी वो पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

सांसद ने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करती है। यह बात जन-जन को पता है। अब उनके सामने यह चुनौती होगी कि वो घोषणा पत्र में वही वादों को शामिल करेंगे, जिसे पूरी तरह से पूरा करेंगे। उनके पास बहुत सारे ऐसे मुद्दे हैं, जो घोषणा पत्र में रखने लायक हैं। लेकिन वे हर एक बात को अपने केंद्रीय शीर्ष के निर्देश और अपनी अनुभवी टीम से विचार विमर्श के बाद ही रखेंगे। उनका मुख्य मकसद होगा कि वो प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी मंसुख मांडविया और प्रदेश के अध्यक्ष अरुण साव के उस विश्वास को सही साबित करें, जिसके बलबूते उन्होंने ये जिम्मेदारी उन्हें दी है।

सांसद का स्वागत करने पहुंचे भाजपा नेता।
सांसद का स्वागत करने पहुंचे भाजपा नेता।

कांग्रेस ने पांच सालों तक जनता को ठगा
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने पांच साल यहां की जनता को ठगा है। उनके साथ छलावा किया है। धोखा किया है। मुख्यमंत्री जनता के सामने कुटिल हंसी हंसते हैं। उनको देखकर गुस्सा आता है कि देखो उनका चेहरा भी कोयले के सामान काला हो चुका है। छत्तीसगढ़ सरकार ने अगर कोई रिकॉर्ड बनाया है तो अपने खिलाफ आंदोलन करवाने का। जितने आंदोलन उनके खिलाफ हो रहे हैं, उतने तो आजादी के बाद से प्रदेश में कभी नहीं हुए।

शीर्ष नेताओं द्वारा जारी किया जाता है पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र।(फाइल फोटो)
शीर्ष नेताओं द्वारा जारी किया जाता है पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र।(फाइल फोटो)

हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा घोषणा पत्र
भाजपा के घोषणा पत्र को लेकर सांसद बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोच है कि हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए खाद की कीमतों को कम किया। किसान सम्मान निधि दिया। ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, कोल्ड स्टोरेज से लेकर कई चीजों में छूट दे रहे हैं। लेकिन केंद्रीय योजना का लाभ धरातल तक पहुंचे ये जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है, जो की कांग्रेस नहीं कर पा रही है। यही वजह है कि मितानिन, आंगनबाड़ी, सफाई कर्मी, भोजन बनाने, संविदा से लेकर अनुकंपा नियुक्त वाले हड़ताल में हैं। इन सभी वर्गों को अच्छा प्रतिसाद मिले, इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा का घोषणा पत्र तैयार होगा।

कांग्रेस के DNA में धोखा देना है
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का उदाहरण देते हुए सांसद बघेल ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में धोखा देना है। पिछली बार टीएस सिंहदेव ने अपने अनुभव से घोषणा पत्र तैयार किया। भारी बहुमत से उनकी सरकार बनी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उसे घोषणा पत्र को कचरे की टोकरी में डाल दिया। टीएस सिंहदेव ने उन्हें चार-चार बार पत्र लिखा कि इतनी मेहनत से घोषणा पत्र तैयार किया गया है, उसे अमल में लाना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री ने नहीं सुना। यही कारण है कि इस बार सिंहदेव जी कह रहे हैं कि इस बार घोषणा पत्र की जवाबदारी वे नहीं लेंगे।

बोले-बीजेपी ने कभी शराबबंदी की बात नहीं कही
कांग्रेस ने घोषणा के बाद भी राज्य में शराब बंदी नहीं की, क्या भाजपा इसे घोषणा पत्र में लाएगी। इस पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी नहीं कहा कि वो शराब बंदी करेगी। रही बात इस बार के घोषणा पत्र में उसे शामिल करने की तो उसके लिए वो केंद्रीय नेतृत्व से बात करेंगे। उनके सुझाव और उनकी कमेटी की सहमति के बाद ही उसे घोषणा पत्र में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा घोषणा पत्र कांग्रेस के बाद आएगा या पहले, इसका निर्णय भी पार्टी की शीर्ष कमेटी लेगी।

BJP की चुनावी घोषणा पत्र समिति का ऐलान:सांसद विजय बघेल को बनाया संयोजक, अमर अग्रवाल, रामविचार होंगे सहसंयोजक

विजय बघेल को समिति का संयोजक बनाया गया है। उनके साथ नेताम और अग्रवाल को सह संयोजक बनाया गया है।
विजय बघेल को समिति का संयोजक बनाया गया है। उनके साथ नेताम और अग्रवाल को सह संयोजक बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को अब कुछ ही महीने रह गए हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी घोषणापत्र बनाने नेताओं को जिम्मेदारी दे दी है। इस संबंध में पार्टी अध्यक्ष अरुण साव ने एक आदेश जारी किया है। जिसमें चुनावी घोषणा पत्र का संयोजक दुर्ग सांसद विजय बघेल को बनाया गया है।

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button