प्रयास आवासीय विद्यालय में चयनित हुई भूमिका देशमुख, शाला परिवार ने किया सम्मान

कवर्धा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झिटिया की मेधावी छात्रा कु. भूमिका देशमुख के प्रयास आवासीय विद्यालय, बिलासपुर में चयन होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति, ग्राम के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने छात्रा का स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्था के प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे ने बताया कि भूमिका देशमुख शुरू से ही प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने इस वर्ष कक्षा आठवीं की परीक्षा 95.33 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) पात्रता परीक्षा में भी उन्होंने 121 अंक प्राप्त कर चयन सूची में स्थान बनाया और विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अब प्रयास आवासीय विद्यालय, बिलासपुर में चयनित होकर उन्होंने एक और उपलब्धि अपने नाम की है।
चयन की खुशी में विद्यालय परिवार ने छात्रा को गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. उत्तम देशमुख (गोडमर्रा) ने 2,000 रुपये, राजूराम देशलहरा ने 500 रुपये तथा शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मंजूलता यादव ने 500 रुपये सहित कुल 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
सम्मान समारोह में सरपंच पुनीतराम राणा, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मंजूलता यादव, उपसरपंच भागवत नायक, उपाध्यक्ष आनंद तारम, पूर्व सरपंच नरेंद्र वर्मा, ग्राम प्रमुख हिरदेराम साहू, ग्राम पटेल यादराम साहू, प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे सहित विद्यालय के शिक्षक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने भूमिका देशमुख की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




