
कबीरधाम। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बोड़ला एवं चौकी बैजलपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गौ-तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 नग भैंस-भैंसा मुक्त कराए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में 17 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति 13 मवेशियों को रस्सियों से बांधकर, बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए रात्रि में चोरी-छिपे पक्की सड़क मार्ग से बोड़ला की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मौके पर ग्रामीणों एवं सूचनाकर्ता की उपस्थिति में दो आरोपियों को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शोभाराम बंजारे (55 वर्ष) एवं दिलीप बंजारे (39 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मुड़ियापारा, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम (छ.ग.) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी संजू उर्फ संजय बंजारे एवं अन्य के साथ देवसरा-बकेला क्षेत्र के आसपास के गांवों से भैंस-भैंसा खरीदकर एकत्रित करते थे। 11 नग भैंसा एवं 2 नग भैंसी, कुल 13 मवेशियों को पैदल जबलपुर (मध्यप्रदेश) ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा बरामद सभी मवेशियों को थाना लाकर पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 17 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक शोभनाथ मेरावी, मनोज महोबिया, नन्हे नेताम एवं आरक्षक दीपक गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा।




