महाशिवरात्रि पर ग्राम कामठी में 151 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक, विधायक भावना बोहरा होंगी शामिल

पंडरिया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कामठी में 151 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक आयोजित किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक आयोजन का नेतृत्व पंडरिया विधायक भावना बोहरा करेंगी, जिसमें हजारों विवाहित जोड़े और श्रद्धालु विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर क्षेत्र, प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
इस आयोजन में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को पंजीयन कराना अनिवार्य है, जिसके लिए वे अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र या भावना सेवा सुविधा केंद्र (विधायक कार्यालय) से पंजीयन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। रुद्राभिषेक के पश्चात पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से प्रवाह संस्कार किया जाएगा। आयोजन स्थल पर भंडारा, महाप्रसादी तथा सुप्रसिद्ध भजन गायक अनुराग शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीयन करा चुके हैं।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। उन्होंने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि विधायक भावना बोहरा द्वारा पूर्व में भी सनातन परंपराओं के संरक्षण हेतु विभिन्न धार्मिक आयोजन और कांवड़ यात्राओं का आयोजन एवं सहयोग किया जाता रहा है, जिससे हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हुए


