कबीरधामकवर्धा

दैनिक स्टार भारत
सड़क सुरक्षा माह 2026: छात्रों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी, सुरक्षित सड़क और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश
कबीरधाम | 15 जनवरी 2026
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस कबीरधाम द्वारा जिले में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल एवं गुरुकुल पब्लिक स्कूल में व्यापक यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराना और यातायात नियमों को जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल तथा डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में स्कूली छात्र-छात्राओं, स्कूल वाहन चालकों और विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतकों की सही पहचान, सुरक्षित तरीके से सड़क पार करना, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, तेज गति से वाहन चलाने के खतरों तथा राहवीर योजना की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल सहायता कर मानव जीवन बचाने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमों का पालन करने से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है, बल्कि स्वयं, परिवार और समाज की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। अनुशासित यातायात व्यवस्था से ट्रैफिक सुचारू रहता है और अनावश्यक विवाद व जान-माल की क्षति से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर नाबालिग विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने की सख्त समझाइश दी गई। कम उम्र में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और कानूनी परिणामों की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यातायात पुलिस कबीरधाम ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पूरे जनवरी माह में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेश गौतम, आरक्षक राजेश महोबिया, आरक्षक कृष्णा साहू, महिला आरक्षक तृप्ति सेन सहित दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण और स्टाफ उपस्थित रहे।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button