[ad_1]

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को समन भेजा है। चैतन्य को आज, 15 मार्च को ईडी दफ्तर में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। इससे पहले, सोमवार को ईडी ने बघेल निवास समेत 14 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

14 ठिकानों पर ED की दबिश

सोमवार को ईडी की टीम ने रायपुर और भिलाई-3 स्थित वसुंधरा नगर निवास समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान ईडी ने घर और अन्य परिसरों में दस्तावेजों की गहन जांच की। प्रदेशभर में 14 जगहों पर की गई इस कार्रवाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी सहयोगियों के ठिकानों को भी खंगाला गया।

शराब घोटाले में 2161 करोड़ का लेन-देन

ईडी की जांच में सामने आया है कि यह कथित घोटाला करीब 2161 करोड़ रुपये का है, जिसमें अपराध की आय को विभिन्न तरीकों से निकाला गया। ईडी के मुताबिक, चैतन्य बघेल इस घोटाले से उत्पन्न आय के प्राप्तकर्ता भी रहे हैं। इस सिलसिले में लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल समेत कई अन्य लोगों के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई।

6 मोबाइल और अहम दस्तावेज जब्त

ईडी ने कार्रवाई के दौरान 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। इसके अलावा, नेहरू नगर में मुकेश चंद्राकर और राजेंद्र साहू के ठिकानों से भी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। ईडी अब इन सबूतों के आधार पर आगे की जांच करेगी।



[ad_2]

Source link

Brajesh Gupta

By Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com