कबीरधामकवर्धा

कवर्धा में अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज

कवर्धा। शहर के सबसे व्यस्त और लंबे समय से जर्जर पड़े अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक सड़क के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण, बीटी रोड और नाली निर्माण पर 2 करोड़ 80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। आगामी 4-5 दिनों में चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकानों की मार्किंग की जाएगी।
5 से 7 फीट तक टूटेंगे मकानों के हिस्से
प्रशासनिक सर्वे के बाद लगभग 30 पक्के मकानों को चिन्हित किया गया है। किसी मकान से 3 फीट, किसी से 5 फीट तो कुछ से 7 फीट तक हिस्सा तोड़ा जाएगा। वर्तमान में सड़क कई जगह घुमावदार है, जिसे चौड़ीकरण के दौरान सीधा किया जाएगा। इससे कुछ अतिरिक्त मकान भी प्रभावित हो सकते हैं।
पूर्व की नाली पर अतिक्रमण, उसे भी हटाया जाएगा
कई स्थानों पर पहले से बनी नालियों पर अतिक्रमण है, जिन्हें तोड़ा जाएगा। अभी राजमहल चौक से समनापुर पुल तक सड़क की चौड़ाई मात्र 23 फीट है। वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह पैचवर्क उखड़ चुका है और गड्ढों के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
शहर का प्रमुख एंट्री पॉइंट
यह मार्ग नेशनल हाईवे-30 से भोरमदेव मुख्य मार्ग होते हुए शहर में प्रवेश का प्रमुख रास्ता है। रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, स्कूल बसें, एंबुलेंस और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोग इसी सड़क पर निर्भर हैं। पर्यटन और त्योहारों के समय यातायात का दबाव और बढ़ जाता है।
भूमिपूजन और टेंडर प्रक्रिया पूरी
सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया और भूमिपूजन पूरा हो चुका है। मार्किंग के बाद मशीनें काम पर लगेंगी। निर्माण के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि आवागमन पूरी तरह बाधित न हो।
प्रभावित परिवारों में चिंता
चौड़ीकरण के दायरे में आए 30 परिवारों में तोड़फोड़ को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई मकानों के बरामदे, सीढ़ियां और दुकानों के आगे के हिस्से प्रभावित हो सकते हैं। प्रशासन प्रभावित मकान मालिकों को नोटिस जारी कर स्वयं जगह खाली करने के निर्देश देगा।
पहले नाली, फिर सड़क निर्माण
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि पहले नाली का निर्माण किया जाएगा, उसके बाद सड़क का काम शुरू होगा। नाली को चौड़ा बनाया जाएगा ताकि जल निकासी की व्यवस्था सुचारू बनी रहे और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button