छत्तीसगढ़रायपुर

CM साय की नक्सल-ऑपरेशन पर हाईलेवल मीटिंग

सभी कार्यक्रम किए कैंसिल, कहा- खून के कतरे-कतरे का लेंगे हिसाब; सुकमा में 3 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के सुकमा में मंगलवार शाम हुए नक्सल हमले के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए हैं। इसे लेकर सरकार ने बुधवार शाम हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। कैबिनेट मीटिंग के तुरंत बाद CM नक्सल अभियान को लेकर बैठक लेंगे।

मंत्रालय के विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गृहमंत्री विजय शर्मा, DGP अशोक जुनेजा, प्रदेश के गृह विभाग के सचिव, एंटी नक्सल ऑपरेशन के प्रमुख अधिकारी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। वहीं नक्सल प्रभावित जिलों के IG, SP वर्चुअली जुड़ेंगे।

बस्तर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते सीएम विष्णुदेव साय।
बस्तर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते सीएम विष्णुदेव साय।

CM ने कहा- खून के कतरे-करते का लेंगे हिसाब

इससे पहले बुधवार सुबह CM साय बस्तर पहुंचे और शहीद तीनों जवानों को CRPF करनपुर कैंप में श्रद्धांजलि दी। CM साय ने कहा कि नक्सलियों से जवानों के खून के कतरे-कतरे का हिसाब लिया जाएगा। इस दौरान डिप्टी CM विजय शर्मा भी मौजूद थे।

CM साय ने कहा कि, आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए शासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने नए कैंप बनाए जा रहे हैं, जिससे नक्सली बौखलाए हुए हैं और कायराना हरकत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, शहीद जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।

उन्होंने कहा कि, हम इन जन विरोधी, विकास अवरोधक नक्सलियों से लड़ाई दृढ़ता से जारी रखेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 201 कोबरा बटालियन के जवानों से मुलाकात की और उनके साहस व जज्बे की सराहना करते हुए मनोबल बढ़ाया।

गृह ग्राम भिजवाई गई शहीद जवानों की पार्थिव देह

शहीद जवानों देवेन सी., पवन कुमार और लम्बाधर सिंघा के पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किए गए। देवेन सी. का पार्थिव शरीर ग्राम मोटूर जिला वेल्लूर तमिलनाडु, शहीद पवन कुमार का ग्राम कुपावली जिला भिंड मध्यप्रदेश और 150वीं बटालियन के शहीद जवान लम्बाधर सिंघा की पार्थिव देह ग्राम काकरागांव जिला चिंटांग असम के लिए भिजवाई गई।

नक्सल हमले में घायल जवानों का चल रहा इलाज।
नक्सल हमले में घायल जवानों का चल रहा इलाज।

घात लगाए नक्सलियों ने किया था हमला

सुकमा के जोनागुड़ा-अलीगुड़ा क्षेत्र में मंगलवार को कोबरा, एसटीएफ और डीआरजी के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान दोपहर 3 से 4 बजे के बीच घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुंहतोड़ जवाब दिया।

मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। इस मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए, जबकि 15 जवान घायल हुए थे। वहीं बस्तर IG पी. सुंदरराज का दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में 6 नक्सली भी मारे गए हैं। उनके शवों के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

रायपुर आईजी रतन लाल डांगी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री नारायणा अस्पताल में भर्ती चार जवान में से एक जवान को गोली लगी है। बाकी तीन जवान को छर्रे लगे हैं। सीआरपीएफ के घायल जवान वेंकटेश को 2 गोली जांघ में लगी है। 1 स्पिकलर पेट में लगा है, जिससे स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायल जवान राजेश पांचाल को हाथ में गोली लगी है।

शहीद जवानों के नाम

  • देवन सी, आरक्षक, 201 कोबरा
  • पवन कुमार, आरक्षक 201 कोबरा
  • आरक्षक लाम्बधर सिन्हा, 150 सीआरपीएफ
नक्सली हमले में शहीद हुए 201 कोबरा बटालियन के जवान देवन सी।
नक्सली हमले में शहीद हुए 201 कोबरा बटालियन के जवान देवन सी।
हमले में 201 कोबरा बटालियन के आरक्षक पवन कुमार शहीद हो गए।
हमले में 201 कोबरा बटालियन के आरक्षक पवन कुमार शहीद हो गए।

घायल जवानों के नाम

  • राउत ओमप्रकाश- कोबरा बटालियन C-201
  • हरेंद्र सिंह- कोबरा बटालियन C-201
  • खड़ेकर रामदास- कोबरा बटालियन C-201
  • गोपीनाथ बासू भातरी- कोबरा बटालियन C-201
  • टी. मधु कुमार – कोबरा बटालियन B-201
  • मलकीत सिंह- कोबरा बटालियन B-201
  • सिपाही लांबा- कोबरा बटालियन B-150
  • राजेश पंचाल- कोबरा बटालियन C-201
  • मनोज नाथ- कोबरा बटालियन C-201
  • मो. इरफान- कोबरा बटालियन C-201
  • ई. वेंकटेश- कोबरा बटालियन C-201
  • विकास कुमार- कोबरा बटालियन C-201
  • अविनाश शर्मा- कोबरा बटालियन B-201
  • लखबीर- कोबरा बटालियन C-201
  • अखिलेश यादव- कोबरा बटालियन C-201
  • बेणुधर साहू- कोबरा बटालियन C-201

पुलिस कैंप ओपनिंग के दिन अटैक

टेकलगुड़ेम पुलिस कैंप का मंगलवार को ही ओपनिंग था और इसी दिन सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने हमला किया।

नक्सल हमले में घायल जवानों का चल रहा इलाज।
नक्सल हमले में घायल जवानों का चल रहा इलाज।

नक्सली बौखलाए, सख्त कार्रवाई जारी रखेंगे

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सल हमले पर दो टूक कहा कि हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। हम हर हालात में अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नए कैंप बनाए जा रहे हैं।

नक्सली जिन इलाकों को अपना समझ रहे थे, उन इलाकों में सुरक्षा बलों के दखल और बढ़ते प्रभाव से नक्सली बौखला गए हैं। वे कायराना हरकत कर रहे हैं।

नक्सल हमले में घायल जवानों से मिलने पहुंचे CM साय और डिप्टी CM शर्मा।
नक्सल हमले में घायल जवानों से मिलने पहुंचे CM साय और डिप्टी CM शर्मा।

घायल जवानों से मिले CM साय और डिप्टी CM शर्मा

मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा, नक्सल हमले में घायल जवानों से मिलने श्री नारायणा और बालाजी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अफसरों को बेहतर इलाज के प्रबंध करने के निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री साय ने हमले में शहीद तीन जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पूरा प्रदेश शहीद जवानों के परिवारजन के साथ है।

3 साल पहले 23 जवान हुए थे शहीद

बीजापुर जिले के टेकलगुड़ेम में ही 2021 में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 23 जवान शहीद हुए थे और 35 से ज्यादा घायल हुए थे। नक्सलियों ने अपने TCOC के दौरान वारदात को अंजाम दिया था।

3 अप्रैल 2021 को बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के टेकलगुड़ेम में हुई मुठभेड़ में 350 से 400 नक्सली शामिल थे। इनमें माओवादियों के बड़े कैडर्स के लीडर भी मौजूद थे। जवानों पर भारी मात्रा में BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) दागा गया था।

नक्सली DRG, CRPF, कोबरा बटालियन के जवानों से हथियार भी लूट कर ले गए थे। कोबरा के एक जवान राकेश्वर सिंह मन्हास का अपहरण भी किया गया था।

छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें-

1. नक्सली हमले में CRPF के सब इंस्पेक्टर शहीद: एक जवान घायल, छत्तीसगढ़ के सुकमा में सर्चिंग पर निकले थे; 4 दिनों में यह चौथा अटैक

मुठभेड़ के बाद जवानों की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
मुठभेड़ के बाद जवानों की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

छत्तीसगढ़ के सुकमा में रविवार सुबह नक्सलियों के हमले में CRPF के SI शहीद हो गए हैं, जबकि एक जवान घायल है। मामला जगरगुंडा थाना क्षेत्र का है। चार दिन में जवानों पर ये तीसरा नक्सली हमला है, जिसमें जवान की शहादत हुई है। पूरी खबर पढ़ें

2. नक्सलियों ने 2 यात्री बसों में लगाई आग VIDEO:बीजापुर-उसूर रोड काफी देर तक बाधित रहा, आवापल्ली से रायपुर जा रही थीं गाड़ियां

नक्सलियों ने 2 बसों को आग के हवाले कर दिया है।
नक्सलियों ने 2 बसों को आग के हवाले कर दिया है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने उसूर ब्लॉक में 2 यात्री बसों को आग के हवाले कर दिया। एक बस को आवापल्ली के नजदीक दुग्गईगुड़ा के पास फूंका है तो दूसरी बस को तिमापुर के पास जला दिया है। नक्सलियों की इस वारदात के बाद उसूर-बीजापुर सड़क बाधित हो गया था। हालांकि देर रात मौके पर पहुंचे जवानों ने मार्ग बहाल करवाया। मामला आवापल्ली थाना क्षेत्र का है।

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button