भाजपाइयों ने महापौर के लिए लाया कचरे का तोहफा
कार्यकार्ताओं ने कहा- हर मोहल्ले का कूड़ा इकट्ठा किया, क्योंकि निगम नहीं करवा रही सफाई
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकताओं ने महापौर के लिए कचरे का तोहफा लेकर आया। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के हर एक वार्ड से कूड़ा इकट्ठा किया। कूड़े को BJP कार्यालय के सामने लाया और वहां एक ठेले में सारे कचरे को डालकर महापौर को तोहफे में देने के लिए निकले। निगम के सामने जमकर नारेबाजी की गई। निगम के आयुक्त को शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने ज्ञापन भी सौंपा गया। साथ ही कहा गया कि, यदि जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
भाजपा युवा मोर्चा का कहना है कि, शहर में पिछले एक सप्ताह से नगर निगम क्षेत्र के दलपत सागर वार्ड, मोतीलाल वार्ड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड समेत अन्य वार्डों से कचरा का उठाव नहीं हुआ है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली वाहन भी नहीं पहुंच रही है। वार्डों में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ हुआ है। बदबू से शहर के लोग काफी परेशान हैं। निगम के सफाई कर्मचारी वार्डों में नहीं पहुंच रहे हैं। इस संबंध में कई बार निगम के जिम्मेदारों को अवगत करवाया गया लेकिन व्यवस्था सुधरवाने किसी ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
मजबूरन BJP कार्यकर्ता शुक्रवार को वार्डों का कचरा इकट्ठा किए और कचरा को लेकर भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचे। जिसके बाद एक ठेले में कचरा डालकर नारेबाजी करते हुए BJP कार्यालय से नगर निगम पहुंचे। नगर निगम की महापौर सफिरा साहू को शहर का ये कचरा तोहफे में देने के लिए गए। हालांकि, नगर निगम की महापौर नहीं मिली। नगर निगम के बाहर जमकर हल्लाबोल किया गया। जिसके बाद निगम आयुक्त को कचरा साफ करवाने और शहर को गंदगी मुक्त करवाने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया है।
नहीं सुधरी व्यवस्था तो करेंगे अंदोलन
जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि, जगदलपुर शहर के विभिन्न वार्डों में डोर टू डोर कचरा संग्रहण नहीं होने की वजह से वार्डों में गंदगी का आलम ही। गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं। जगदलपुर नगर निगम की महापौर सफिरा साहू और नगर निगम की कांग्रेस सरकार की सफाई के प्रति लापरवाह है। जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन शहर के विधायक होने के साथ ही छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय के संसदीय सचिव भी हैं, लेकिन उन्होंने भी आज तक शहर की समस्याओं की सुध तक नहीं ली है। उन्होंने कहा कि, यदि 7 दिनों तक व्यवस्था नहीं सुधरती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कचरा के साथ ली थी सेल्फी
शहर के हर वार्ड में गंदगी पसरी हुई है। नगर निगम की महापौर गंदगी को साफ करवाने दिलचस्पी नहीं दिखा रही। इसलिए 3 से 4 दिन पहले युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सेल्फी विथ कचरा अभियान चलाया था। हर वार्ड में जहां गंदगी और कूड़े का ढेर पड़ा था वहां जाकर सेल्फी ली और सोशल मीडिया में पोस्ट किया था। साथ ही अल्टीमेटम देकर कहा था कि, यदि जल्द ही सफाई नहीं होती है तो भाजपा आंदोलन करेगी।