Kawardha
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुराने बस स्टैंड को नए बस स्टैंड में स्थानांतरित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में यातायात विभाग द्वारा ट्रक, ऑटो और टैक्सी संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल तथा अमित पटेल के मार्गदर्शन में नव नियुक्त यातायात प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह द्वारा ली गई। इसमें विभिन्न ट्रांसपोर्ट संघों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। ऑटो और टैक्सी के लिए दिन एवं रात्रि किराया दर निर्धारित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को पारदर्शी और उचित किराया मिल सके। नए बस स्टैंड पर व्यवस्थित टैक्सी स्टैंड बनाया जाएगा। साथ ही सभी ऑटो और टैक्सी का क्रमबद्ध नंबरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे निगरानी और पहचान आसान होगी।
इसके अलावा, शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने और ट्रकों के लिए तय स्थान पर ही पार्किंग अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया। भोरमदेव तिराहा में बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपाय भी लागू किए जाएंगे। अवैध पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी ने सभी संघ प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद यातायात अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Brajesh Gupta

By Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com