कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

10वीं के 4 और 12वीं के 5 विषयों में त्रुटिपूर्ण प्रश्न, छात्रों को मिलेंगे बोनस अंक

कवर्धा–  माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बोर्ड परीक्षाएं सोमवार 16 मार्च को समाप्त हो गईं। अंतिम दिन कक्षा 12वीं के व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा समाप्त होते ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू कर दिया गया है।
पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल (पूर्व नाग–आदर्श कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल) को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहां पहले चरण में दोनों कक्षाओं की करीब 67 हजार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी। मूल्यांकन कार्य के लिए 300 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
त्रुटिपूर्ण प्रश्नों पर मिलेगा बोनस अंक
मंडल द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार कक्षा 10वीं के 4 और कक्षा 12वीं के 5 विषयों के कुछ प्रश्न त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं, जिसके कारण परीक्षार्थियों को 1 से 2 अंक तक बोनस दिए जाएंगे। इन प्रश्नों में अधिकांश वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं में विज्ञान, हिंदी और अन्य विषयों के प्रश्नों में त्रुटियां पाई गई हैं। वहीं 12वीं में इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, रसायन और उत्पादन विषय के प्रश्नों पर बोनस अंक दिए जाएंगे।
तीन चरणों में पहुंचेगी उत्तर पुस्तिकाएं
मूल्यांकन केंद्र अध्यक्ष आरपी सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं तीन चरणों में भेजी जा रही हैं। पहले चरण में 67 हजार कॉपियां मिल चुकी हैं, जबकि 24 मार्च को दूसरे चरण की उत्तर पुस्तिकाएं केंद्र पर पहुंचेंगी।
मई के पहले सप्ताह में आएंगे परिणाम
प्रदेशभर में मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है। ऐसे में संभावना है कि कक्षा 10वीं और 12वीं का परिणाम मई के पहले सप्ताह तक घोषित किया जा सकता है।
पहले दिन शिक्षक ने जांचीं सिर्फ 5 कॉपियां
मूल्यांकन कार्य के पहले दिन प्रत्येक शिक्षक को केवल 5 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए दी गईं, ताकि प्रक्रिया को सही ढंग से समझाया जा सके। आने वाले दिनों में एक मूल्यांकनकर्ता शिक्षक को प्रतिदिन 30 से 40 कॉपियां जांचने के लिए दी जाएंगी।
अधिकारियों ने मूल्यांकनकर्ताओं को सावधानीपूर्वक जांच करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि पिछले वर्ष इसी केंद्र में लापरवाही के कारण चार मूल्यांकनकर्ताओं को कार्य से अलग कर दिया गया था।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button