
कवर्धा, 15 मार्च। कबीरधाम जिले के ग्राम लेजाखार (पोड़ी) में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 13 मार्च से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचकर महायज्ञ के दर्शन कर रहे हैं और भक्ति भाव से श्रीराम कथा का श्रवण भी कर रहे हैं।
महायज्ञ स्थल पर सुबह से ही पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहता है। क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज़ गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस पावन आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
आयोजन समिति के अनुसार 16 मार्च को शौर संदेश मानस प्रचार समिति के नंद कुमार साहू द्वारा श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
श्रद्धालु शांति लाल साहू ने कबीरधाम जिले के सभी धर्मप्रेमी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ स्थल पहुंचकर महायज्ञ के दर्शन करें और श्रीराम कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।





