
सी जी ऐन
स्टार भारत न्यूज | कवर्धा
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) के रवेली सब-स्टेशन में लगभग 50 लाख रुपए से अधिक की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक कर्मचारी पर उपभोक्ताओं से बिजली बिल की राशि वसूल कर कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं करने का आरोप है। विभागीय जांच और बैंक खातों के मिलान के दौरान यह गड़बड़ी उजागर हुई।
बिजली कंपनी ने इस मामले में करीब एक माह पहले पिपरिया थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं किया गया है। इससे विभागीय निगरानी और पुलिस कार्रवाई दोनों पर सवाल उठने लगे हैं।
9 साल तक चलता रहा वसूली का खेल
मामला रवेली सब-स्टेशन में पदस्थ कार्यालय सहायक श्रेणी-3 मनोज कुमार साहू से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने 7 जुलाई 2014 से 25 जनवरी 2023 के बीच उपभोक्ताओं से कई बार बिजली बिल की राशि वसूली, लेकिन पूरी रकम कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं की। दस्तावेजों के मिलान के दौरान यह अनियमितता सामने आई।
ऑडिट और बैंक मिलान में सामने आई गड़बड़ी
विभागीय जांच और ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार अलग-अलग वित्तीय वर्षों में बड़ी राशि का हिसाब नहीं मिल रहा है।
वित्तीय वर्ष 2020-21: लगभग 33.79 लाख रुपए की गड़बड़ी
वित्तीय वर्ष 2022-23: लगभग 14.63 लाख रुपए की अनियमितता
विशेष अभियान के दौरान: लगभग 4.92 लाख रुपए का अंतर
इस प्रकार कुल मिलाकर 50 लाख रुपए से अधिक की राशि संदिग्ध बताई जा रही है।
कर्मचारी निलंबित, जांच जारी
मामला सामने आने के बाद बिजली कंपनी ने आरोपी कर्मचारी मनोज कुमार साहू को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के लिए अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
अधिकारियों के बयान
कोमल साहू, तत्कालीन जेई (रवेली):
उन्होंने बताया कि मामले की पूरी जानकारी उन्हें नहीं थी, क्योंकि उनका स्थानांतरण हो चुका था। बाद में पता चला कि पदस्थ कर्मचारी द्वारा पैसों का हेरफेर किया गया है और जांच चल रही है।
जीएस फ्लोरा, कार्यपालन अभियंता (कवर्धा डिवीजन):
उन्होंने कहा कि रवेली केंद्र में राजस्व संग्रहण की राशि बैंक में जमा नहीं होने का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया कर्मचारी को निलंबित किया गया है और जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस को लिखित सूचना दे दी गई है।
पुष्पेंद्र बघेल, एएसपी:
उन्होंने बताया कि बिजली कंपनी से शिकायत प्राप्त हुई है। कंपनी से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





