
कवर्धा शहर में अवैध गतिविधियों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले जहां अवैध प्लॉटिंग का मामला चर्चा में था, वहीं अब अवैध मुरूम खनन भी तेजी से फैलता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद खनिज विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय लोगों और हमारी टीम द्वारा कई बार मौके की जानकारी खनिज विभाग को दी गई। अवैध खनन की सूचना विभाग के मोबाइल नंबर 99772 40742 पर भी साझा की गई, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।
सूत्रों के मुताबिक, जब भी विभाग से संपर्क किया जाता है तो कभी “बड़े अधिकारी नहीं हैं” कहकर मामला टाल दिया जाता है, तो कभी “लिखित शिकायत दीजिए” कहकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जाती है। इस रवैये से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लगातार मिल रही शिकायतों और मौके की जानकारी के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या कवर्धा का खनिज विभाग इस पूरे मामले में गहरी नींद में है, या फिर प्रभावशाली लोगों के दबाव के चलते कार्रवाई से बच रहा है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो इससे पर्यावरण और सरकारी राजस्व दोनों को भारी नुकसान हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से इस मामले की गंभीर जांच कर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।




