
कवर्धा। जिला कांग्रेस कमेटी ने महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदले जाने के विरोध में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि योजना का नाम बदलकर उसे कमजोर करने की साजिश की जा रही है।
धरना स्थल पर संबोधित करते हुए ममता चंद्राकर ने कहा कि देश के गरीब और मजदूर वर्ग के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी को देश के समग्र विकास से अधिक बड़े उद्योगपतियों की चिंता है।
वहीं आनंद सिंह ने मनरेगा के नाम परिवर्तन को समाज को बांटने की कोशिश बताया और कहा कि इस तरह के कदम सामाजिक समरसता के खिलाफ हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस योजना को गरीब मजदूर परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से लागू किया था, ताकि उन्हें सम्मानजनक रोजगार मिल सके।
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष शर्मा ने किया।





