ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने पति और देवर के साथ मिलकर युवक की हत्या की, तीन आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम, 31 मई 2026। कबीरधाम जिले में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान ग्राम बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई है, जिसका शव थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में एक बोरी के भीतर बरामद किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कोमल वर्मा 28 मई 2026 को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की कॉल डिटेल और अंतिम लोकेशन का विश्लेषण किया, जिसमें उसका संपर्क मंदाकिनी वर्मा से होना सामने आया।
पूछताछ में मंदाकिनी वर्मा ने बताया कि मृतक उसे अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। घटना की रात भी मृतक ने उस पर संबंध बनाने का दबाव बनाया, जिससे परेशान होकर उसने उसे अपने घर बुलाया।
घर पहुंचने पर निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले बड़े पाना से मृतक पर हमला किया गया। इसी दौरान महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर कोमल वर्मा की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया और अगले दिन रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई रूपेश वर्मा की मदद से शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर के जरिए ग्राम सोंढा ले जाकर फेंक दिया।
मामले में पुलिस ने रामस्नेही वर्मा, मंदाकिनी वर्मा और रूपेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत धारा 103(1), 238(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।





