एजुकेशन रिपोर्टर | रायपुर। सी जी ऐन न्यूज़
रायपुर जिले में 9वीं और 11वीं कक्षाओं की परीक्षाओं को लेकर जारी हुए अचानक टाइम टेबल पर विवाद के बाद शिक्षा विभाग ने तिथि में बदलाव कर दिया है। अब पांचवीं और आठवीं को छोड़कर पहली से 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 मार्च से 10 अप्रैल के बीच आयोजित की जाएंगी।
27 फरवरी से प्रस्तावित थीं परीक्षाएं
तीन दिन पहले 23 फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होनी थीं। इस निर्णय के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि कोर्स अभी अधूरा है और इतनी कम अवधि में परीक्षा कराना व्यावहारिक नहीं है।
रायपुर जिले में 200 से अधिक हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में लगभग 20 हजार विद्यार्थी 9वीं और 11वीं में अध्ययनरत हैं। अचानक घोषित परीक्षा तिथि से इन विद्यार्थियों की तैयारी प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी।
डीपीआई ने जारी किया संशोधित आदेश
विरोध को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने गुरुवार को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर स्पष्ट किया कि पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी, छठी, सातवीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल के बीच ही संपन्न कराई जाएं। आदेश में यह भी कहा गया है कि निर्धारित तिथि में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
मूल्यांकन कार्य पर भी रखा गया ध्यान
सूत्रों के अनुसार, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य में शिक्षकों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए ही परीक्षा कार्यक्रम को संतुलित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावकों ने लिया राहत की सांस
संशोधित आदेश के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राहत महसूस की है। उनका कहना है कि अब छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा और परीक्षा निष्पक्ष व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो पाएगी।




