
कवर्धा, 18 जनवरी 2026। नगर पालिका क्षेत्र में प्रतिबंधित चायनीज मांझा की बिक्री की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रोहित साहू के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों में पतंग व मांझा विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि प्रतिबंधित चायनीज मांझा का विक्रय पूर्णतः बंद किया जाए। ऋषभ देव चौक से नवीन बाजार तक दुकानों में दबिश देकर अवैध सामग्री न बेचने की सख्त समझाइश दी गई। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी टीम गठित की गई है, जो लगातार बाजार का निरीक्षण करेगी। नगर पालिका द्वारा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि चायनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





