
कबीरधाम, 15 मार्च 2026।
जिला कबीरधाम के थाना कुण्डा क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की फर्जी आईडी बनाकर फोटो वायरल करने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना कुण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान होने के बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी पीड़िता को धमकाकर इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर करता था और वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट अपने मोबाइल में सुरक्षित रख लेता था।
कुछ दिनों बाद जब पीड़िता ने वीडियो कॉल करने से मना किया तो आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी और फर्जी इंस्टाग्राम तथा फेसबुक आईडी बनाकर फोटो वायरल करना शुरू कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कुण्डा में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी भूपत धनेश्री के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। टीम को आरोपी की तलाश में सूरत, गुजरात भेजा गया।
पुलिस टीम ने सूरत से आरोपी अनिल कुमार पिता बुद्धीराम मौर्य (34 वर्ष) निवासी नवागम नरोत्तम नगर, मकान नंबर 171 बी, सब्जी मार्केट डिडौली, थाना डिडौली, जिला सूरत (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



