कबीरधामकवर्धा

कवर्धा के 3 बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन, मलेशिया टेस्ट सीरिज में करेंगे प्रतिनिधित्व

कवर्धा के लिए गर्व की बात है कि जिले के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन इंडिया–मलेशिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरिज हेतु भारतीय टीम में किया गया है। बालिका वर्ग में क्षमानिधी जांगड़े और लता साहू तथा बालक वर्ग में बंटी चंद्रवंशी को भारतीय टीम में स्थान मिला है।
भारतीय बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित 5 देशों की टेस्ट सीरिज के अंतर्गत यह अगली कड़ी है, जिसमें भारत और मलेशिया के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। इससे पूर्व भारत–इंडोनेशिया टेस्ट सीरिज में भी कवर्धा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। उस प्रतियोगिता में रिया तिवारी और रामू सिंह ने हिस्सा लेकर स्वर्ण पदक हासिल किया था।
दिल्ली में हुई चयन प्रक्रिया
खिलाड़ियों का चयन 7 से 9 अक्टूबर तक दिल्ली के विकासपुरी मैदान में आयोजित चयन प्रतियोगिता के आधार पर किया गया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से कुल 173 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने बंटी चंद्रवंशी, क्षमानिधी जांगड़े और लता साहू का चयन इंडिया–मलेशिया टेस्ट सीरिज के लिए किया।
इस टेस्ट सीरिज के लिए पूरे भारत से 10 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें से छत्तीसगढ़ से 4 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 3 खिलाड़ी कवर्धा तथा 1 खिलाड़ी महासमुंद जिले से हैं।
मलेशिया में होगा आयोजन
इंडिया–मलेशिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरिज का आयोजन मलेशिया के पुचोंग/कैरी आइलैंड, सेलांगोर में 26 फरवरी से 4 मार्च तक किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 24 फरवरी को कवर्धा के सभी चयनित खिलाड़ी चेन्नई के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर परिजनों, समाज के वरिष्ठ जनों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए जीतकर लौटने का आशीर्वाद दिया।
बधाइयों का तांता
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह, सहायक संचालक जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र गुप्ता, रामकृष्ण पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल एम. शारदा, प्रबंधक आदित्य सिंह, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी एच. डी. कुरैशी, पूर्व सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी महोबिया सर, दिनेश साहू, जितेन्द्र वैष्णव, सौरभ सिंह (कोच एवं सचिव), अविनाश चौहान, जय किशन चौहान, राजा जोशी, रिया तिवारी एवं रामू सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
कवर्धा के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए यह एक प्रेरणादायक उपलब्धि मानी जा रही है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button