कबीरधामकवर्धा

उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने 4.41 करोड़ की नालंदा परिसर लाइब्रेरी का किया भूमिपूजन

नालंदा परिसर लाइब्रेरी से युवाओं को मिलेगा आधुनिक अध्ययन माहौल– उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा

कवर्धा 17 नवंबर 2025 । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने आज कवर्धा ज़िले में शिक्षा और ज्ञान-संस्कृति को नई दिशा देने बहुप्रतीक्षित 4 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 250 सीट क्षमता वाली नालंदा परिसर लाइब्रेरी के निर्माण कार्य की नींव रखी। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया और इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जिले के युवाओं, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, शोधार्थियों और पुस्तक प्रेमियों के लिए एक नया मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष  सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ सियाराम साहू, कलेक्टर  गोपाल वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष  ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष  कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य  रामकुमार भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष  चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष  पवन जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष  अनिल ठाकुर, जनपद अध्यक्ष  सुषमा गणपत बघेल,  विजय पटेल,  मनीराम साहू,  सतविंदर पाहुजा सहित समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

नालंदा परिसर लाइब्रेरी लगभग डेढ़ एकड़ शासकीय भूमि पर निर्मित होगी। यह लाइब्रेरी आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल संसाधनों और उन्नत अध्ययन माहौल से युक्त एक प्रमुख अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित की जाएगी। यहां 250 सीटों वाला पूर्णतः वातानुकूलित हॉल बनाया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह लाइब्रेरी कवर्धा ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी शिक्षा का सशक्त केंद्र बनेगी। भवन के भूतल में 100 सीट क्षमता वाला रीडिंग हॉल, विद्युत कक्ष, कम्प्यूटर टेबल, पुस्तक भंडारण कक्ष, प्रवेश एवं प्रतीक्षा कक्ष, कार्यालय, लिफ्ट कक्ष और शौचालय का निर्माण होगा। इसी प्रकार प्रथम तल में 150 सीट क्षमता का रीडिंग हॉल, विद्युत कक्ष, कम्प्यूटर टेबल, लेक्चर रूम, ई-लॉबी, लिफ्ट रूम और शौचालय की सुविधा विकसित की जाएगी। यह नालंदा लाइब्रेरी जिले के युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाला अध्ययन वातावरण प्रदान करेगी और उन्हें प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करेगी।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में नालंदा परिसर की स्थापना यहाँ के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक सौगात और स्वर्णिम पल है। यह परिसर शिक्षा, ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि यह लाइब्रेरी 24 घंटे संचालित हो। परिसर को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। यहाँ ऑडियो बुक, डिजिटल कॉर्नर, चैट जीपीटी सहित सभी एआई टूल्स के उपयोग के लिए अलग स्पेस तैयार किया जाएगा, ताकि युवा दिन-भर अध्ययन कर सकें और ज्ञान का लाभ लेकर अपना भविष्य संवार सकें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह माटी प्रतिभाओं से भरी है और यहाँ के बच्चे निरंतर प्रगति कर रहे हैं। जो बच्चे आगे बढ़ने के लिए मेहनत कर रहे हैं, वे प्रशंसा और बधाई के पात्र हैं। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि यदि भविष्य में प्रदेश में सबसे अधिक चयन होंगे, तो वह कवर्धा से ही होंगे, क्योंकि यहाँ के युवा परिश्रमी हैं।उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भारत की शिक्षा–संस्कृति का गौरव इतिहास काल से है। भारत में प्राचीन काल से नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय रहे हैं। जब दुनिया पृथ्वी को चपटी मानती थी, तब भारत ज्ञान-विज्ञान में विश्व का मार्गदर्शक था। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय हमारी गौरवशाली धरोहर है। भारत की पुरातन ज्ञान परंपरा वेद, उपनिषद, भौतिक विज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान—दुनिया में अद्वितीय रही है। आर्यभट्ट द्वारा सूर्य और गणितीय खोजें इसका प्रमाण हैं। यदि हम अपने इतिहास को समझेंगे, तो महसूस होगा कि भारत जैसा कहीं और कुछ नहीं है।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि खेल एवं तैयारी के लिए नई सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए 3 किलोमीटर के दायरे में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि दुनिया को बदलने की ताकत युवा ही रखते हैं, और इतिहास इसका प्रमाण है। आज कवर्धा बदल रहा है और अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे शहर को स्वच्छतम शहर बनाने के लिए मिलकर आगे आएं। जनजागरण एवं व्यक्तिगत जिम्मेदारी ही इसका मूल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार पीएससी सहित सभी परीक्षाओं की कड़ी निगरानी कर रही है। आने वाली परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होगी। बच्चों का चयन उनकी मेहनत और योग्यता से ही होगा। उन्होंने भोरमदेव विद्यापीठ के चयनित छात्रों को शुभकामनाएँ दीं। प्रतिवर्ष 200 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 6 हजार कांस्टेबल भर्ती के परिणाम जल्द जारी होंगे।

उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने बताया कि कवर्धा को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात मिली है। मेडिकल कॉलेज के लिए 42 एकड़ भूमि आरक्षित कर ली गई है तथा लगभग सवा 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। टेंडर जारी हो चुका है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने वाला है। कॉलेज में 50 से अधिक सीटों की तैयारी की जा रही है, वहीं 60 पदों की स्वीकृति भी मिल चुकी है। कवर्धा में विकास कार्यों की गति लगातार तेज है। रायपुर–बिलासपुर मार्ग के 7.8 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाते हुए कवर्धा एंट्रेंस का विकास किया जा रहा है, जिसके लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के उन्नयन के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, टेंडर पूर्ण है और अगले माह भूमि पूजन किया जाएगा। हनुमंत वाटिका का निर्माण भव्य स्वरूप में पूरा हो चुका है। ठाकुरदेव चौक से नए बस स्टैंड तक सड़क निर्माण कार्य जारी है और इसके साथ ही पुराने बस स्टैंड को पुनर्जीवित किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष  चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि आज का दिन कवर्धा जिले के लिए स्वर्णिम पल है, क्योंकि हमें नालंदा परिसर जैसी ऐतिहासिक सौगात मिली है। यह परिसर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और उनके सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा भारत देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा है। भारत आज वैज्ञानिक दृष्टि से, ज्ञान–संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज नालंदा परिसर का भूमि पूजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जैसे बिहार का नालंदा विश्वविख्यात अध्ययन केंद्र है, वैसे ही अब छत्तीसगढ़ में बन रहा नालंदा परिसर शिक्षा और अनुसंधान का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि विष्णुदेव साय सरकार पूरे प्रदेश में नालंदा परिसरों की स्थापना कर युवाओं को बड़ी सौगात दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा तेज़ी से विकसित हो रहा है। हनुमंत वाटिका मार्ग, चौपाटी, बायपास रोड सहित कई निर्माण कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। कवर्धा को मेडिकल कॉलेज और पर्यटन विकास के लिए स्वदेश दर्शन योजना से 146 करोड़ की मंजूरी जैसी बड़ी उपलब्धियाँ मिली हैं। अध्यक्ष ने कहा कि जिले के विकास के सभी सपनों को साकार करने के लिए उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा निरंतर कार्यरत हैं।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button