कबीरधामकवर्धा

अशोका पब्लिक स्कूल की छात्रा संध्या कौशिक को मुख्यमंत्री द्वारा किया गया सम्मानित*

राजधानी रायपुर स्थित भव्य सायाजी होटल में आयोजित “पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार 2025” समारोह ने छत्तीसगढ़ के युवाओं की खेल प्रतिभा को एक नई पहचान दी। इस गरिमामयी आयोजन में राज्यभर से चयनित विशिष्ट खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं अन्य माननीय अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कबीरधाम जिले के अशोका पब्लिक स्कूल की छात्रा संध्या कौशिक को राष्ट्रीय स्तर पर बेसबॉल खेल में दो बार स्वर्ण पदक अर्जित करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खेल मंत्री  टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  किरणदेव सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संध्या को सम्मान-पत्र, स्मृति चिन्ह तथा ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

यह सम्मान केवल राज्य के एक-एक जिले से चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को प्रदान किया गया। कबीरधाम जिले के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण रहा कि संध्या कौशिक जैसी होनहार खिलाड़ी को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुआ।

संध्या कौशिक वर्तमान में अशोका पब्लिक स्कूल, कवर्धा की कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। उन्होंने अब तक दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर दोनों में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। पढ़ाई में मेधावी होने के साथ-साथ संध्या खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहीं हैं। वे वर्तमान में आगामी जूनियर नेशनल बेसबॉल टूर्नामेंट के लिए भी चयनित हो चुकी हैं, जो कि 27 जून से 1 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाला है। इसके लिए वे 24 जून को उत्तर प्रदेश रवाना होंगी।

विद्यालय के डायरेक्टर  पवन देवांगन तथा सारिका देवांगन ने कहा, अशोका पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी बराबरी का स्थान देता है। हमारा प्रयास होता है कि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाए ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन करें। पिछले सत्र में भी विद्यालय के 16 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित हुए हैं, और कई ने पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि संध्या जैसी खिलाड़ी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और विद्यालय के सहयोग से कोई भी ऊँचाई प्राप्त की जा सकती है। यह सम्मान न केवल संध्या कौशिक की प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि अशोका पब्लिक स्कूल की उस शैक्षणिक और खेलीय संस्कृति का भी प्रतिबिंब है, जो विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरित करती है।

विद्यालय के प्राचार्य  लोकनाथ देवांगन ने संध्या की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह केवल संध्या की नहीं, बल्कि पूरे जिले और विद्यालय की उपलब्धि है। राज्य के हर जिले से केवल एक खिलाड़ी को यह सम्मान मिलना था और हमारे विद्यालय की छात्रा का चयन होना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।

बंसल न्यूज़ द्वारा चयनित सभी खिलाड़ियों को 19 जून को रायपुर भ्रमण पर ले जाया गया, जहाँ उन्होंने जंगल सफारी, छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी संग्रहालय तथा राम मंदिर का दर्शन किया। उसी दिन उन्हें वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी से भी भेंट करवाई गई, जिन्होंने इन सभी उभरते खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। इसके बाद 20 जून को मुख्य कार्यक्रम में खिलाड़ियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के चेयरमैन  पवन देवांगन,  सारिका देवांगन, प्राचार्य  लोकनाथ देवांगन, एडमिन सागर नामदेव, खेल शिक्षक राजा जोशी, मनीष निषाद, शैलेंद्र वर्मा, मीरा साहू, सकीना एवं समस्त स्टाफ एवं शिक्षकों ने संध्या को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button