प्रेस वार्ता : हम अपने एक वर्ष के कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं – सांसद संतोष पांडेय
कवर्धा। नगरीय निकाय चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र ‘अटल विश्वास पत्र’ जारी किया। इसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और ‘अटल निर्माण वर्ष’ के तहत समर्पित किया गया है। बुधवार को भाजपा चुनाव कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान इस घोषणापत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय, जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी और निकाय चुनाव प्रभारी लोकेश कावड़िया उपस्थित रहे।
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है। उन्होंने कहा, “एक वर्ष पूर्व मोदी की गारंटी के तहत जो वादे हमने किए थे, उनमें से अधिकांश पूरे किए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास को नई गति मिली है। कवर्धा सहित सभी नगर पंचायतों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जो अब धरातल पर दिखने लगे हैं। भाजपा इस निकाय चुनाव में अपने कामों के दम पर जनता के बीच जा रही है और पूर्ण बहुमत से विजयी होगी।”
भाजपा का विजन और कांग्रेस पर हमला
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि कांग्रेस शासन में नगरीय निकायों का विकास ठप हो गया था और भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने हर वर्ग के साथ छल किया। उनकी सरकार ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, जिससे जनता ने 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत देकर सत्ता सौंपी।”
उन्होंने यह भी कहा कि अटल विश्वास पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता के विकास और समृद्धि का संकल्प है।
घोषणापत्र के प्रमुख बिंदु
- नजूल भूमि पर नया कानून: सभी पट्टा धारकों को भू-स्वामित्व का अधिकार मिलेगा।
- आवास योजना: रुकी हुई पीएम आवास-शहरी परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा, 3 लाख घरों का निर्माण सुनिश्चित होगा।
- महिलाओं के लिए प्रॉपर्टी टैक्स में छूट: महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर 25% की विशेष छूट।
- महापौर सम्मान निधि: UPSC मुख्य परीक्षा (MAINS) उत्तीर्ण करने वालों को ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि।
- व्यावसायिक केंद्रों का विकास: बिजली, सड़क, शौचालय, पेयजल जैसी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
- पिंक टॉयलेट: बाजार क्षेत्रों में महिलाओं के लिए विशेष शौचालयों की व्यवस्था।
- मुफ्त वाई-फाई: स्कूलों और कॉलेजों में मुफ्त इंटरनेट सुविधा।
- स्ट्रीट वेंडर्स के लिए सहायता: पीएम स्वनिधि योजना के तहत ₹30,000 तक की वित्तीय मदद।
- संपत्ति कर समाधान योजना: पुराने कर के लिए बिना जुर्माना या ब्याज के एकमुश्त निपटान की सुविधा।
- महिला सशक्तिकरण: स्वयं सहायता समूहों को ₹2.5 लाख तक का ऋण और मुफ्त प्रशिक्षण।
- कचरा प्रबंधन: हर घर में कचरा बाल्टी, स्मार्ट वेस्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लागू होगा।
- डिजिटल सेवाएं: ‘माई सिटी ऐप’ के जरिए नगर निगम की सेवाएं ऑनलाइन होंगी।
- जल आपूर्ति: ‘नल से जल’ योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
- रोजगार और शिक्षा: रोजगार केंद्रों की स्थापना और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सहायता राशि।
- यूजर चार्ज युक्तिकरण: कर प्रणाली को अधिक न्यायसंगत बनाया जाएगा।
“हर चुनाव जनता की सेवा का अवसर है” – भाजपा
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि यह घोषणापत्र जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार किया गया है और इसे बनाने में प्रदेशव्यापी ‘सुझाव संग्रहण अभियान’ चलाया गया था, जिसमें हजारों लोगों ने अपने सुझाव दिए।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने नगर निकायों को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया था और उनकी सरकार 10, जनपथ की एटीएम बन गई थी। लेकिन भाजपा ने सत्ता में आने के बाद जनता के विश्वास को बनाए रखते हुए वादों को पूरा किया है।
इस बार नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का लक्ष्य है कि जनता के सहयोग से भ्रष्टाचार मुक्त, विकसित और समृद्ध निकायों का निर्माण किया जाए। भाजपा का यह घोषणापत्र केवल वादों का नहीं, बल्कि संकल्पों का दस्तावेज है, जिसे 100% पूरा किया जाएगा।